March 8, 2026

एचटीईटी परीक्षा के लिए जिला प्रशासन तैयार, कड़ी सुरक्षा में होगी परीक्षा

Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई), भिवानी ने 30 और 31 जुलाई को आयोजित की जा रही हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) 2024 के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में एसडीएम फरीदाबाद एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में ट्रांजिट अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि परीक्षा सामग्री को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए ट्रांजिट ऑफिसर्स को विशेष निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल (आर्म्ड एस्कॉर्ट) की व्यवस्था की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि निष्पक्ष परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की कोताही पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीन स्तरों पर होगी परीक्षा

एचटीईटी-2024 परीक्षा तीन स्तरों — लेवल-III (पीजीटी), लेवल-II (टीजीटी) और लेवल-I (पीआरटी) — पर आयोजित की जाएगी।

लेवल-III (पीजीटी) परीक्षा 30 जुलाई को दोपहर तीन बजे से शाम साड़े पांच बजे तक 23 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी।

लेवल-II (टीजीटी) और लेवल-I (पीआरटी) की परीक्षाएं 31 जुलाई को क्रमशः सुबह दस बजे से दोपहर साड़े बारह बजे तक 41 केंद्रों और दोपहर तीन बजे से शाम साड़े पांच बजे तक 21 केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।

सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान केंद्रों में पहले से मौजूद सभी फोटोकॉपी मशीनें, फैक्स आदि उपकरणों को एक कमरे में सील कर दिया जाएगा। साथ ही, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल-रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

जिला मजिस्ट्रेट विक्रम सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर 30 और 31 जुलाई को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

इस दौरान बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। मोबाइल, लैपटॉप, वाई-फाई, हॉटस्पॉट, फोटोकॉपी मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा (सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक)।

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी अवांछनीय गतिविधि से बचें, जिससे परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल मुक्त संपन्न कराना है।

बैठक में एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, सीटीएम अंकित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।