August 24, 2026

बहादरपुर गांव में 30 जुलाई को रात्रि ठहराव कार्यक्रम

Faridabad/Alive News: जिला प्रशासन फरीदाबाद ने ग्रामीण क्षेत्रों में जन संवाद बढ़ाने और सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से 30 जुलाई 2025 को बहादरपुर गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त विक्रम सिंह करेंगे।

रात्रि ठहराव के दौरान डीसी विक्रम सिंह ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर के समय विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए जाने वाले स्टॉल्स से होगी। इन स्टॉल्स के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, योजनाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड तथा उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी नागरिकों को दी जाएगी।

उपायुक्त विक्रम सिंह ने बहादरपुर गांव के सभी निवासियों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी समस्याएं व सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाया जा सके।