September 26, 2026

दिल्ली की सर्दी ने लोगों को ठिठुरने पर किया मजबूर, पढ़िए खबर

Delhi/Alive News: दिल्ली-एनसीआर में चल रही ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ी हुई है। शनिवार को भी धूप नहीं निकली। दिन भर बादल छाए रहे। हालांकि हवाओं के रुख में आए बदलाव के कारण तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
शनिवार को दिल्ली के अधिकतर इलाकों में सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। सुबह से ही मौसम सर्द रहा। दोपहर में भी धूप नहीं निकलने के कारण लोगों को कंपकंपी महसूस हुई। वहीं शाम ढलते ही ठंड भी बढ़ गई।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिन के समय आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। दिल्ली में पूरे सप्ताह सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। जबकि नौ जनवरी को हल्की बारिश या बूंदा-बांदी के आसार हैं।

दिल्ली का मयूर विहार इलाका शनिवार को राजधानी में सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जाफरपुर में 14 डिग्री व नरेला, पालम, रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।