Delhi/Alive News: दिल्ली सरकार राजधानी को मीडिया, फिल्म और नई तकनीकों का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी कर रही है। इस दिशा में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने आईएफएफडी इंडस्ट्री कॉन्क्लेव 2026 में दिल्ली सरकार का विजन पेश किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को “इंडियाज क्रिएटिव कैपिटल” के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां फिल्म टूरिज्म के जरिए रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। सरकार एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), गेमिंग, कॉमिक्स (AVGC) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों पर खास ध्यान दे रही है।
कपिल मिश्रा ने बताया कि नई दिल्ली फिल्म पॉलिसी के तहत राजधानी में शूटिंग करने पर फिल्म निर्माताओं को अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। साथ ही एक ऐसा इंटीग्रेटेड सेंटर बनाया जाएगा, जहां क्रिएटिविटी और टेक्नोलॉजी को एक साथ बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के पास टैलेंट और युवा शक्ति की कोई कमी नहीं है। सही प्लेटफॉर्म मिलने पर यह शहर मीडिया और कंटेंट क्रिएशन का बड़ा हब बन सकता है।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली का मकसद मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री से मुकाबला करना नहीं है, बल्कि नए डिजिटल और तकनीकी क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाना है।
इस कार्यक्रम में अभिनेता मनोज बाजपेयी, फिल्मकार निखिल आडवाणी, अभिषेक चौबे, आरएस प्रसन्ना और सिद्धार्थ जैन जैसे कई बड़े नाम शामिल हुए। वहीं बमन ईरानी और निर्देशक राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने भी छात्रों और सिने प्रेमियों को मार्गदर्शन दिया।
सरकार ने क्रिएटर्स, स्टार्टअप्स और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से इस पहल में जुड़ने की अपील की है, ताकि दिल्ली को एक आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत मीडिया हब बनाया जा सके।

