June 26, 2026

सोनीपत में बोर्ड परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, 2 टीचर पकड़ी गईं

Sonipat/Alive News: हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में नकल का एक बड़ा मामला सोनीपत से सामने आया है। गांव बिधलान के एक सरकारी स्कूल में 12वीं की भूगोल परीक्षा के दौरान दो महिला शिक्षकों को नकल कराते हुए पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने स्कूल में छापा मारा, जिसमें पूरा मामला सामने आया। जांच में पता चला कि स्कूल की ही दो टीचर मंजू देवी (PGT हिंदी) और वीणा कुमारी (PGT संस्कृत) छात्रों को नकल करवा रही थीं। इस काम में एक चपरासी भी उनकी मदद कर रहा था।

जैसे ही टीम स्कूल पहुंची, दोनों टीचर मुंह छुपाकर भागने लगीं। उस समय कक्षा में 24 छात्र मौजूद थे और वहां परीक्षा का पर्यवेक्षक भी मौजूद था, लेकिन इसके बावजूद खुलेआम नकल कराई जा रही थी।

इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। RAF टीम ने दोनों टीचरों और चपरासी के खिलाफ FIR दर्ज करने की सिफारिश की है।