June 6, 2026

रोहतक में युवक की बेरहमी से हत्या, खेत में सिर और धड़ अलग-अलग मिले

Faridabad/Alive News: हरियाणा के रोहतक जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का सिर और धड़ खेत में अलग-अलग पड़े मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान महम ब्लॉक के फरमाणा गांव निवासी मोहित के रूप में हुई है। वह 26 मार्च को एक शादी में गया था, जिसके बाद से लापता था। परिजनों ने अगले दिन पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी।

शुक्रवार सुबह गांव के लोगों ने गेहूं के खेत में उसका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवक की गर्दन तेज धार हथियार से काटी गई है। शव पर कई जगह गहरे घाव मिले हैं। कमर पर भी कट के निशान हैं, जबकि चेहरे पर गंभीर चोटें पाई गईं। सिर की हालत भी खराब थी और आंख गायब मिली है।

घटनास्थल के आसपास गेहूं की फसल भी बिखरी हुई थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी कुछ समय तक वहीं मौजूद रहे। हालांकि अभी तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।

परिजनों के अनुसार, मोहित मजदूरी करता था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। वह अपने दोस्तों के साथ शादी में गया था।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।