July 2, 2026

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल द्वारा ISI समर्थित संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ और चार आरोपियों की गिरफ्तारी

New Delhi/Alive News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन आरोपी पंजाब से और एक दिल्ली से पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार, पाकिस्तान में बैठे कथित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में आतंकी गतिविधियों की साजिश रची जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्तौल (एक Zigana और एक .30 बोर), 9 जिंदा कारतूस और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए पाकिस्तान में मौजूद अपने कथित हैंडलरों के संपर्क में रहते थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। पुलिस का कहना है कि पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ मंगाने का भी नेटवर्क सक्रिय था।

मुख्य आरोपी शुभदीप सिंह पहले भी पंजाब पुलिस द्वारा NDPS (नशीले पदार्थ) से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं गुरजंत सिंह और साजन सिंह पर भी ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स मंगाने में शामिल होने का आरोप है। साजन सिंह भी पहले NDPS मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसे दिल्ली के धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और पुलिस पिकेट की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। साथ ही, उसे पुलिस प्रतिष्ठानों पर फायरिंग की घटना को अंजाम देने का टास्क भी सौंपा गया था।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने तकनीकी निगरानी और कई राज्यों में छापेमारी के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।