Faridabad/Alive News: सांसद दीपेन्द्र हुड्डा शनिवार को होडल और हसनपुर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर विकास, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर निशाना साधा।
दीपेन्द्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि बीजेपी के करीब 12 साल के शासन में हरियाणा में न तो पर्याप्त यूनिवर्सिटी और स्कूल बने और न ही चार लेन की सड़कों का अपेक्षित विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि अगर किसी क्षेत्र में विकास हुआ है तो वह बीजेपी के आलीशान कार्यालयों और बैंक खातों का हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासन के दौरान पार्टी के खाते में कुछ सौ करोड़ रुपये थे, जबकि बीजेपी के खाते में घोषित रूप से करीब 15 हजार करोड़ रुपये हैं। हुड्डा ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में विधायक और मंत्रियों के भ्रष्टाचार का स्तर देश में सबसे अधिक है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में चुनाव के दौरान किए गए वादे अब बिहार और पंजाब में भी किए जा रहे हैं। उन्होंने धान के लिए 3,100 रुपये एमएसपी, बुजुर्गों को 6,000 रुपये पेंशन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये और गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट देने जैसे वादों का जिक्र किया।
हुड्डा ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि यदि ये वादे गलत नहीं हैं तो इन्हें हरियाणा में लागू क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में बड़े-बड़े दावे करते हैं, जबकि हरियाणा में कहते हैं कि उनके कहने से दो चपरासियों का तबादला तक नहीं हो सकता।
सांसद ने हरियाणा की मौजूदा स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि राज्य विकास के मामले में पिछड़कर 15वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि बेरोजगारी, नशाखोरी और विदेश पलायन जैसे मुद्दों में प्रदेश की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा और कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ा है तथा जेलों से फिरौती की कॉल तक आ रही हैं।
दीपेन्द्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पिछले विधानसभा चुनाव में जनता की भावना के खिलाफ सत्ता हासिल की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने विपक्ष को बड़ी जीत देकर इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब तक चुनावों में बीजेपी का सफाया नहीं होगा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लड़ाई जारी रहेगी।
सम्मेलन में AICC सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान, विधायक रघुबीर तेवतिया, प्रेम सिंह दलाल, पलवल कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

