September 12, 2026

डेबिट कार्ड रिन्यू कराने के नाम पर 8.29 लाख की साइबर ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद में डेबिट कार्ड रिन्यू के नाम पर 8.29 लाख की साइबर ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: डेबिट कार्ड रिन्यू कराने के नाम पर बैंक कर्मचारी बनकर 8.29 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर साइबर ठगों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को उत्तर प्रदेश के बराईच से गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सूरजकुंड निवासी एक व्यक्ति का पंजाब नेशनल बैंक का डेबिट कार्ड एक्सपायर हो गया था। कार्ड रिन्यू कराने के लिए उसने गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजकर उस पर कॉल की। इसके बाद उसके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के डेबिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली।

कुछ समय बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद उसके मोबाइल पर लगातार OTP आने लगे। ठगों ने शिकायतकर्ता के बैंक खाते से 4.70 लाख रुपये और उसकी पत्नी के खाते से 3.59 लाख रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 8.29 लाख रुपये की ठगी की गई।

मामले की जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने मनोज कुमार निवासी पोखरा, बराईच, उत्तर प्रदेश और विशाल कुमार निवासी दुर्ग कोतवाली, बराईच, उत्तर प्रदेश को 11 सितंबर को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। ठगी की रकम की पहली लेयर में मनोज के खाते में 3 लाख रुपये आए थे। इनमें से 60 हजार रुपये विशाल के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए कस्टमर केयर नंबर हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या OTP से जुड़ी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।