April 30, 2024

ब्रिटेन में दाऊद की करोड़ो की संपत्ति हुई जब्त

Alive News :  1993 के बम धमाकों के आरोपी और भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को बड़ा झटका लगा है। इसे मोदी सरकार की बड़ी जीत बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ब्रिटेन में दाऊद की 6.7 बिलियन डॉलर यानि 43 हजार करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली गई है।

ब्रिटेन के इस कदम को भारत सरकार के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है। भारत ने 2015 में दाऊद को लेकर डोजियर सौंपा था। इस साल जनवरी में खबरें आईं थी की यूएई की सराकर ने भी दाऊद की संपत्ति जब्त की है।

जानकारी के अनुसार जब्त हुई संपत्ति में मिडलैंड स्थित घर के अलावा अन्य प्रॉपर्टी भी शामिल है। फोर्ब्स मैग्जीन के अनुसार, कोलंबिया के ड्रग्स तस्कर पाब्लो एस्कोबार के बाद अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम दुनिया का दूसरा सबसे अमीर क्रिमिनल है। फोर्ब्स के अनुसार दाऊद के पास 6.7 बिलियन की संपत्ति है। वार्विकशायर में उसका एक होटल है वहीं मिडलैंड के आसपास बड़ी आवासीय संपत्ति भी है।

फाइनेंशियल सेंक्शंस की लिस्ट के मुताबिक यहां हैं पाक में दाऊद के ठिकाने
लिस्ट के मुताबिक पहला पता हाउस नंबर 37, 30th स्ट्रीट, डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी, कराची पाकिस्तान है। दूसरा पता नूराबाद, कराची, पाकिस्तान (पटियाला बंगला) है। तीसरा पता व्हाइट हाउस, सउदी मस्जिद के पास, कराची, पाकिस्तान दिया गया है।

हालांकि, पिछले साल इसी लिस्ट में दाऊद का चौथा पता भी दिया गया था, जो हाउस नंबर 29, मार्गल्ला रोड, F6/2 स्ट्रीट नंबर 22, कराची दर्ज था। इसे इस साल रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है।

लिस्ट में दाऊद का जन्मस्थान खेर, रत्नागिरी, महाराष्ट्र दर्ज है और उसकी नेशनलिटी भारतीय बताई गई है। इसमें उसके इंडियन पासपोर्ट का भी जिक्र है, जिसे बाद में भारत सरकार ने रद्द कर दिया था। इसके बाद दाऊद के कई इंडियन और पाकिस्तानी पासपोर्ट का जिक्र किया गया है, जिनका गलत इस्तेमाल किया गया। दाऊद के पिता का नाम शेख इब्राहिम अली कास्कर, माता का नाम अमीना बी और पत्नी का नाम मेहजबीन शेख दर्ज है। इस लिस्ट में सबसे पहले दाऊद का नाम 7 नवंबर 2003 को आया था।

दाऊद के ये नाम बताए गए
लिस्ट में दाऊद के 21 नाम बताए गए हैं। इनमें शेख, इस्माइल, अब्दुल अजीज, अब्दुल हमीद, अब्दुल रहमान, मोहम्मद भाई, अनीस इब्राहिम, इकबाल, दिलीप, अजीज, फारूखी, हसन, दाऊद, मेमन, कास्कर, साबरी, साहेब, हाजी, सेठ और बड़ा भाई। लिस्ट के मुताबिक इन नामों का इस्तेमाल दाऊद करता रहा है।

1993 मुंबई ब्लास्ट्स का आरोपी है दाऊद
बता दें कि दाऊद 1993 में मुंबई में हुए सीरियल ब्लास्ट्स मामले में आरोपी है। धमाकों के बाद वह भारत से फरार हो गया था। इन ब्लास्ट में 260 लोगों की मौत हुई थी और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। दाऊद को लेकर भारत कई बार पाकिस्तान को डोजियर सौंप चुका है। भारत सरकार ने दाऊद के पाकिस्तान में पतों का भी डोजियर में जिक्र किया था, लेकिन पाकिस्तान हमेशा यही दावा करता रहा है कि दाऊद इब्राहिम उसके यहां नहीं है।

दाऊद का नाम इंटरपोल की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल है। उस पर धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और एक आपराधिक गिरोह ऑपरेट करने का आरोप है। अमेरिका ने 2003 में इसे ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया था।