Faridabad/Alive News: सोहना (गुरुग्राम) के एक व्यक्ति का फोन हैक कर 65 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआइटी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल, निवासी नांगलोई वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सोहना (गुरुग्राम) के रहने वाले पीड़ित ने साइबर थाना एनआइटी में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि गत 27 सितंबर 2026 को जब वह बल्लभगढ़ के गांव सिकरोना स्थित अपने मेडिकल स्टोर पर मौजूद थे, तभी उनका फोन अचानक हैक हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से अवैध रूप से 65 हजार रुपये कट गए। इस संबंध में साइबर थाना एनआइटी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बादल ने नितिन नाम के व्यक्ति से बैंक खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी आईटीआई पास है और वर्तमान में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

