Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से 5 को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, 3 देसी कट्टे और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने सेक्टर-02 बल्लभगढ़ से तुषार निवासी छांयसा, फरीदाबाद) को एक अवैध पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर पूर्व में हत्या के प्रयास और लूट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना शहर बल्लभगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं क्राइम ब्रांच एवीटीएस सिकरोना की टीम ने मुकुल निवासी सेक्टर-58, फरीदाबाद को भनकपुर क्षेत्र से एक अवैध देसी पिस्टल के साथ दबोचा। इसके अलावा अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने अजय निवासी गांव जाजरू, सेक्टर-58 को उसके गांव के नजदीक से एक अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। तथा अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने आशिष निवासी बसेलवा कॉलोनी, फरीदाबाद को खेड़ीपुल एरिया से एक अवैध देसी कट्टे सहित पकड़ा। वहीं अपराध शाखा एनआइटी की टीम ने साजन निवासी गांव मुजेसर, फरीदाबाद को लेजर वैली पार्क, सूरजकुंड के पास से एक अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें नियमानुसार जेल भेज दिया गया है।

