October 9, 2026

टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने के नाम पर ₹76,950 की साइबर ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर टास्क पूरा करने और निवेश के नाम पर ₹76,950 की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य आनंद निवासी बिहारी कॉलोनी, शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-3 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 4 सितंबर 2026 को उसे टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में समाचार से जुड़े चैनल और ग्रुप को फॉलो करने के टास्क दिए गए। टास्क पूरा करने पर महिला को ₹120 मिले।

इसके बाद उसे टेलीग्राम पर प्रीमियम टास्क के नाम पर दूसरी आईडी से संपर्क करने के लिए कहा गया। ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए महिला से ₹73,450 जमा करा लिए। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर उसे ₹5,880 वापस भी मिले। इससे उसे लगा कि आगे अधिक लाभ मिल सकता है।

इसके बाद ठगों ने महिला को बताया कि उसका ₹42,000 का टास्क गलत हो गया है और पैसे वापस लेने के लिए उसे ₹50,000 का एक और टास्क पूरा करना होगा। इस पर महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आदित्य आनंद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बीए की पढ़ाई कर रहा है। उसने अपने दोस्त के माध्यम से अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते में ठगी की ₹42,000 की रकम आई थी।

आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।