October 8, 2026

देसी कट्टा रखने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने एक युवक को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुभाष कॉलोनी निवासी सौरभ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम को सूचना मिली थी कि सुभाष कॉलोनी निवासी सौरभ के पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे झाड़सेतली पुल, सेक्टर-58 के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

इस मामले में थाना सेक्टर-58 में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि सौरभ यह देसी कट्टा हवाबाजी के लिए अलीगढ़, उत्तर प्रदेश से 3,400 रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।