Faridabad/Alive News: अडानी गैस का बिल पेंडिंग होने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ₹82,356 की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना सेक्टर-8 बल्लभगढ़ की टीम ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित निवासी गांव मडना मांझा, जिला अयोध्या, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली में पढ़ाई करता है और साथ में एक होटल में कुक का काम करता है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए दिया था। उसके खाते में ठगी के ₹82,356 आए थे। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-8 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 18 सितंबर को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अडानी गैस का कर्मचारी बताया और गैस बिल पेंडिंग होने की बात कही।
आरोपी ने गैस कनेक्शन चालू रखने के नाम पर सिर्फ ₹13 का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए एक लिंक भेजा। शिकायतकर्ता ने लिंक पर क्लिक कर ₹13 का भुगतान कर दिया। इसके कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से ₹82,356 की राशि धोखाधड़ी से निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने उस बैंक खाते के खाताधारक रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें। गैस बिल, बिजली बिल, बैंक खाते या किसी अन्य सेवा को अपडेट करने के नाम पर ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

