June 6, 2026

फरीदाबाद में नशा तस्करों पर कार्रवाई, अफीम और गांजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2.219 किलो अफीम और 1.063 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई 27 अप्रैल को अलग-अलग जगहों पर की गई।

पहले मामले में, क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लक्ष्मी नारायण को शिवालिक कॉलोनी, NIT-2 इलाके से गिरफ्तार किया। वह मध्य प्रदेश के नीमच जिले का रहने वाला है। उसके पास से 2.219 किलो अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने गांव में अफीम की खेती करता है और ज्यादा कमाई के लालच में फरीदाबाद बेचने आया था। उसे अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

दूसरे मामले में, क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने गुलशन कुमार को आगरा नहर पुल के पास, खेड़ीपुल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह बिहार के मुजफ्फरनगर इलाके का रहने वाला है। उसके पास से 1.063 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर फरीदाबाद में बेचने आया था। आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।