Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 22/23 अप्रैल की रात डबुआ इलाके में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमचंद (42) और अजेन्द्र (24) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और फिलहाल डबुआ के उत्तम नगर इलाके में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, प्रेमचंद मृतक जयबीर का साढ़ू है और अजेन्द्र उसका बेटा है।
जांच में सामने आया कि इन दोनों ने हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने में मदद की। उन्होंने शव फेंकने के लिए जगह की जानकारी दी और चंद्रप्रकाश व जितेंद्र उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर शव को कूड़े में फेंकने गए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 23 अप्रैल को जयबीर का शव पाली-डबुआ रोड पर मिला था। इस मामले में मृतक के भाई धर्मवीर की शिकायत पर थाना डबुआ में हत्या का केस दर्ज किया गया था। इससे पहले मृतक की पत्नी और उसके साले चंद्रप्रकाश को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

