May 17, 2024

Corona Update: देश में बीते 24 घंटे में 624 मरीजों की मौत, 8 हजार से ज्यादा संक्रमितों की पुष्टि

New Delhi/Alive News: देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में 8,503 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, मौतों की संख्या अचानक से बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान 624 लोगों की जानें गई हैं। इसके अलावा सात हजार 678 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, एक्टिव केस की संख्या भी धीरे-धीरे कम हो रही है।

देश में सक्रिय संक्रमित मरीजों की संख्या अब 94 हजार 943 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 7,678 मरीज ठीक हुए हैं। इसी के साथ अब तक देश में कोरोना से ठीक हुए मरीजों का कुल आंकड़ा 3 करोड़ 41 लाख 05 हजार 066 पर पहुंच गया है।

देश में कोरोना के 94 हजार 943 एक्टिव केस बचे हुए हैं।  इसके अलावा देश में अब तक कोरोना से 4 लाख 74 हजार 735 लोगों की जान जा चुकी है। टीकाकरण की बात करें तो अब तक 1 अरब 31 करोड़ 18 लाख 87 हजार 257 खुराकें दी गई हैं। देश में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले भी धीरे-धीरे पैर पसारने लगे हैं। कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली समेत कई राज्यों में ओमिक्रॉन के केस सामने आ चुके हैं।