May 4, 2024

करनाल में हुए लाठीचार्ज, बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम डीसी को सौंपा ज्ञापन

Palwal/Alive News : आज कांग्रेस पार्टी ने किसानों पर करनाल में हुए लाठीचार्ज, बढ़ती महंगाई, बढ़ते अपराध के खिलाफ सरकार और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा। जिसका नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने किया। वहीं पूर्व मंत्री करण दलाल ने लघु सचिवालय में जिले के तमाम अफसरों को भी जमकर नसीहत दी। इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक उदयभान, हथीन से पूर्व प्रत्यासी इसरायल, मोहम्मद बिलाल, एसके शर्मा के अलावा हजारों लोग मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की नाकामी के चलते आज लोग परेशान है। करनाल में बेवस किसानों पर लाठी चार्ज कराना एवं देश में सरकारी संस्थाओं, उपकरणों व संपत्तियों को बड़े – बड़े उद्योगपतियों को बेचने और बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, बिजली व वाहनों के चालान काटने के विरोध में जिला कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन कर डीसी के मार्फत महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान करण सिंह दलाल ने जहां देश और प्रदेश की सरकार पर जमकर हमला बोला। वहीं जिला प्रशाशन को भी आड़े हाथ लिया। सरकार पर हमला बोलते हुए दलाल ने कहा कि यह निर्लज सरकार बेशर्मी की सारी हदें पार कर चुकी है और आए दिन किसान कमेरे- मजदूरों पर अत्याचार कर रही है। लेकिन सरकार यह भूल गई कि अब वो दिन दूर नही है।

जब देश पर किसान कमेरे की हुकूमत होगी। इतना ही नही करण सिंह दलाल ने लघु सचिवालय में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिले के अधिकारी जो जनता के कार्यों के लिए होते है। वो जनता के काम न करके आमजन के जेबों पर डाका डालने का काम कर रहे है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस सचिवालय का निर्माण हमने अपने जिले की जनता को अधिकारियों के हाथों सरकार की मिलीभगत के चलते बर्बाद करने के लिए नही बनवाया था। करण सिंह दलाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि जनता को लूटना बन्द करो अन्यथा जनता जबाब देना जानती है।

दलाल ने कहा कि कुछ दिनों पहले अटोहा चौक पर चल रहे किसानों के धरने में घुसकर कुछ शरारती तत्वों ने किसानों के साथ मारपीट की और धरना स्थल पर तोड़फोड़ की। जिसमे जिला पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नही की है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार लोगो से झूठे वायदे करके सत्ता में आई थी और आज दोनों हाथों से लोगो को लूटने में लगी है। आज भाजपा सरकार एक राजनैतिक दल ना होकर के व्यापारियों और लुटेरों का संग़ठन है। जिससे यह बात चरितार्थ हो रही है कि राम नाम जपना और पराया माल अपना। उन्होंने कहा एक तरफ तो भाजपा सरकार भगवान राम का नाम ले रही और दूसरी तरफ देश को लूट रही है।