June 12, 2026

जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर सीएमएस ने दिए निर्देश

Noida/Alive News: सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में नए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के रूप में कार्यभार संभालने के बाद डॉ. अशोक झा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने की दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उनकी प्राथमिकता अस्पताल की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

शुक्रवार को अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक झा ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं तथा सभी शौचालयों को स्वच्छ रखा जाए।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सुपरवाइजर को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक शौचालय के पास एक सफाई कर्मी की तैनाती की जाएगी, जो नियमित रूप से उसकी साफ-सफाई सुनिश्चित करेगा। साथ ही ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारों को देखते हुए भी व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। हालांकि, ओपीडी में नए काउंटर बढ़ाना फिलहाल संभव नहीं है, क्योंकि अस्पताल में पहले से ही दस काउंटर संचालित हैं। मरीजों की सुविधा के लिए आभा आईडी संबंधी जानकारी और सहायता हेतु अस्पताल परिसर के बाहर एक अलग काउंटर स्थापित किया गया है।