June 6, 2026

हिमाचल में लैंडस्लाइड से पुल बहा, देश के कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Faridabad/Alive News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार सुबह लैंडस्लाइड के कारण एक निर्माणाधीन पुल गिरकर रावी नदी में बह गया। यह पुल भरमौर और होली क्षेत्र को जोड़ता था। पुल टूटने से आसपास के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।

वहीं, देश के 20 से ज्यादा राज्यों में मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से कई जगहों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। राज्य के 34 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में भी 34 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। पिछले 3 दिनों में 43 जिलों में बारिश और 10 शहरों में ओले गिर चुके हैं।

राजस्थान के 17 जिलों में भी बारिश का अलर्ट है, जहां 20 से 50 मिमी तक बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली में बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम में लगातार तीन दिनों से बर्फ गिर रही है। राज्य के कई इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का असर रहेगा। कुछ जगहों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने 10 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और 15 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।