July 3, 2026

बीच सड़क ई-रिक्शा रोकने वाले चीनी ऐप्स पर केंद्र की बड़ी कार्रवाई, प्ले स्टोर से हटाने का आदेश

ई-रिक्शा को रिमोट से रोकने वाले चीनी ऐप्स BAT-BMS, Epoch-i-ion और Lossigy को केंद्र सरकार ने प्ले स्टोर से हटाने का आदेश दिया।

New Delhi/Alive News: केंद्र सरकार ने ई-रिक्शा को दूर से नियंत्रित या रोकने वाले चीनी मोबाइल ऐप्स के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। सरकार ने BAT-BMS, Epoch-i-ion और Lossigy नाम के ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने का आदेश दिया है।

शुक्रवार को आईटी सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि सरकार को ऐसे तीन ऐप्स की जानकारी मिली थी, जिनमें से संबंधित ऐप्स को ऐप स्टोर से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में इस तरह के नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्स किसी भी ऐप स्टोर पर उपलब्ध न हों।

आईटी सचिव एस. कृष्णन ने क्या कहा?

सीआईआई साइबर सिक्योरिटी समिट के दौरान आईटी सचिव एस. कृष्णन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकार को इन ऐप्स की जानकारी मिलने के बाद तुरंत कदम उठाया गया और उन्हें ऐप स्टोर से हटाने की प्रक्रिया पूरी कर दी गई।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ऐप स्टोर संचालित करने वाली कंपनियों के साथ इस मुद्दे को उठाएगी, ताकि साइबर सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले ऐप्स दोबारा उपलब्ध न हों।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला गुरुवार को उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए। इनमें दावा किया गया कि BAT-BMS ऐप के रिमोट शटडाउन फीचर के जरिए कुछ ई-रिक्शा को दूर से ही रोक दिया गया।

इन घटनाओं के बाद इंटरनेट से जुड़े व्हीकल मैनेजमेंट सिस्टम की सुरक्षा और साइबर हमलों के संभावित खतरे को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे।

साइबर सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि इंटरनेट से जुड़े वाहनों में यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न हों, तो ऐसे ऐप्स का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे न केवल वाहन चालकों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है।

सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसे मामलों की निगरानी और अधिक सख्ती से की जाएगी, ताकि किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों की सुरक्षा से समझौता न हो।