August 20, 2026

कंपोजिट स्कूल में बच्चों को कराई जा रही अखबार की रीडिंग

Noida/Alive News: परथला स्थित कंपोजिट स्कूल में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर समाज और देश-दुनिया से जोड़ने के उद्देश्य से कैच-अप प्रोग्राम के तहत दैनिक समाचार पत्र की रीडिंग कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के भाषा कौशल, उच्चारण और जनरल नॉलेज को बेहतर बनाना है।

स्कूल की सहायक अध्यापिका अर्चना पांडे ने बताया कि आज के समय में बच्चों में अखबार पढ़ने की आदत तेजी से कम हो रही है, जबकि समाचार पत्र समाज का आईना होता है। ऐसे में प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से अखबार पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखबार की रीडिंग से बच्चों की भाषा, लेखन शैली, उच्चारण और शब्दों की अशुद्धियां कम होती हैं। साथ ही उन्हें देश-विदेश की ताजा घटनाओं, महत्वपूर्ण समाचारों और महान व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी मिलती है। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को पीयर लर्निंग की अवधारणा से भी परिचित कराया जा रहा है, जिससे वे एक-दूसरे से सीखते हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।