May 20, 2024

छोटी चौपाल पर हरियाणवी कलाकारों ने दी प्रस्तुति, जमकर थिरके दर्शक

Faridabad/Alive News: 37वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में छोटी चौपाल पर शनिवार का दिन हरियाणवी संस्कृति के नाम रहा। कलाकारों ने चौपाल पर जब कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी तो दर्शक थिरकने के लिए मजबूर हो गए।

जींद के अजय कश्यप एवं उनकी टीम ने जब हरियाणवी नृत्य से लोगों का मन मोह लिया। निर्देशक दीपक पुष्प दीप के नाटक निठल्ला की प्रस्तुति देख दर्शकों की आंखों के सामने मुंशी प्रेमचंद के मशहूर उपन्यास गोदान के सीन की झलक दिखाई दी। लख्मीचंद मूवी में अपनी छाप छोड़ चुके रागिनी गायक प्रेम सिंह देहाती ने रागनियों के जरिए सामाजिक बुराइयों पर कटाक्ष किया।

कॉमेडियन राजीव शर्मा ने अपने हरियाणवी चुटकुलों के जरिए दर्शकों को गुदगुदाने को मजबूर कर दिया। इसके अलावा फरीदाबाद के नरेंद्र मोंटी ने हरियाणवी नृत्य तथा दिल्ली की अनु सिन्हा ने कत्थक नृत्य के माध्यम से शमां बांध दिया। इस अवसर पर कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी रंगमंच तानिया जी.एस. चौहान व कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी नृत्य सुमन के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।