Faridabad/Alive News: शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। एक दिसंबर से यह आदेश लागू होंगे। एक शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों का समय सुबह 9:30 और दो शिफ्टों में चलने वाले स्कूलों का समय सुबह 7.55 व दोपहर 12:40 से होगा। बढ़ती सर्दी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

दरअसल, मौसम में बदलाव जारी है सुबह शाम लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के स्कूलों का समय बदल दिया है। बता दें कि प्रत्येक वर्ष सर्दियों में स्कूलों के समय में बदलाव किया जाता है। अब फरीदाबाद सहित प्रदेश के 22 जिलों में स्कूलों के खुलने का समय सुबह 9:30 होगा। एक दिसंबर से सभी स्कूलों में आदेशों की पालना अनिवार्य कर दी गई है।
विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार एक शिफ्ट के स्कूलों का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगा। डबल शिफ्ट के स्कूलों में पहली शिफ्ट का समय सुबह 7.55 से दोपहर 12.30 बजे तक होगा, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 12.40 से सांय 5.15 बजे तक चलेगी। शिक्षा निदेशालय द्वारा आदेशों की पालना के लिए सभी जिला शिक्षा और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।