June 6, 2026

फरीदाबाद में रियल एस्टेट कंपनियों पर CBI की छापेमारी, देशभर में 77 ठिकानों पर जांच

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मंगलवार को CBI ने कई रियल एस्टेट कंपनियों के दफ्तरों पर छापेमारी की। दिल्ली से आई 4 सदस्यों की टीम सुबह करीब 7 बजे पहुंची और करीब 10 घंटे तक जांच करती रही।

इस दौरान टीम ने घरों की बिक्री और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कुछ लोगों के बैंक रिकॉर्ड भी खंगाले गए। शाम 4-5 बजे के बीच जांच खत्म हुई और CBI टीम जरूरी दस्तावेज लेकर वापस दिल्ली लौट गई।

यह कार्रवाई सिर्फ फरीदाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में चल रही एक बड़ी जांच का हिस्सा है। CBI ने 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 77 जगहों पर एक साथ छापेमारी की है।

CBI के मुताबिक, यह जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर की जा रही है। इसमें बिल्डरों और फाइनेंस कंपनियों के अधिकारियों पर मिलीभगत कर लोगों से धोखाधड़ी करने का आरोप है।

एजेंसी ने इस मामले में 22 नए केस दर्ज किए हैं। इससे पहले भी 28 मामले दर्ज किए गए थे, जिनकी जांच लगभग पूरी हो चुकी है। अब कुल मिलाकर 50 मामलों की जांच चल रही है।