Faridabad/Alive News: नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत आयोजित स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया भी मौजूद रही।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत आयोजित स्कूटी रैली नेहरू कॉलेज से शुरू होकर जगन्नाथ मंदिर, सनफ्लैग चौक, सेक्टर-15 मार्केट, बी.पी.टी.पी रोड, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, कोर्ट कॉम्प्लेक्स (सेक्टर-12) तथा पुलिस स्टेशन सेक्टर-12 से होते हुए निर्धारित रूट पर संचालित किया गया। इस दौरान पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और नागरिकों ने भी रैली का स्वागत किया।
‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित की गई हैं। इस प्रावधान से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूती मिलेगी।
मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने बताया कि नारी ही किसी भी राष्ट्र की वास्तविक आधारशिला होती है और उनके सशक्त होने से ही देश का समग्र विकास संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से देश की महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी मिलेगी, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और नेतृत्व के लिए प्रेरित करेगा, जिससे वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
उन्होंने इस अवसर पर आयोजित स्कूटी रैली और उसमें शामिल सभी बहनों, छात्राओं, कार्यकर्ताओं एवं युवा मोर्चा की टीम के उत्साह की सराहना की। विशेष रूप से स्थानीय नेतृत्व के प्रयासों को भी उन्होंने सराहा, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद शिखा, फरीदाबाद एसडीएम हनी बंसल, सीडीपीओ मीनाक्षी चौधरी, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, कॉलेज प्रिंसिपल रितिका गुप्ता सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

