Panchkula/Alive News: नगर निकाय चुनाव को लेकर पंचकूला में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शहर के कई इलाकों में जनसभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम किए। इस दौरान उन्होंने भाजपा मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल के लिए लोगों से समर्थन मांगा।
सेक्टर-16 स्थित अग्रसेन भवन और सनसिटी परिक्रमा में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सभाओं में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी देखने को मिली। भाजपा नेताओं ने इसे पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया।
अपने संबोधन में विपुल गोयल ने हरियाणा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सड़क, जल प्रबंधन, स्वच्छता और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया है, जिसका लाभ पंचकूला को भी मिला है।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भाजपा पंचकूला के विकास के लिए नई योजनाओं पर काम करेगी। इसके तहत शहर को साफ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने पर जोर दिया जाएगा।
विपुल गोयल ने बताया कि महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे, जहां सैनिटरी नैपकिन मशीन और शिशु देखभाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए पुनर्वास योजनाएं लागू करने की बात भी कही गई।
उन्होंने कहा कि शहर में सीवरेज और जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए पुरानी लाइनों का नवीनीकरण किया जाएगा और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही एलईडी स्ट्रीट लाइट, सोलर ऊर्जा और रेनवॉटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने की योजना भी बताई।
शहर की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम लगाए जाएंगे। टैक्स, बिल और अन्य नागरिक सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने की भी बात कही गई।
कैबिनेट मंत्री ने स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यापारियों के लिए विशेष योजनाएं लागू करने का आश्वासन देते हुए कहा कि उन्हें आर्थिक सहायता और व्यवस्थित वेंडिंग जोन उपलब्ध कराए जाएंगे।
अंत में उन्होंने लोगों से भाजपा के कमल निशान पर वोट देने और मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल समेत सभी भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।

