June 6, 2026

मणिपुर में बम हमला: 2 मासूम बच्चों की मौत, गुस्साए लोगों का प्रदर्शन

New Delhi/Alive News: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में उग्रवादियों ने एक घर पर बम हमला कर दिया। इस हमले में 5 साल के एक लड़के और 6 महीने की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उनकी मां घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार, जब यह घटना हुई तब दोनों बच्चे और उनकी मां घर के कमरे में सो रहे थे। अचानक हुए धमाके में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई और मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। मंगलवार सुबह लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एक पेट्रोल पंप के पास दो ऑयल टैंकर और एक ट्रक में आग लगा दी गई। इसके अलावा मोइरांग पुलिस स्टेशन के सामने टायर जलाए गए और एक पुलिस चौकी को नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

मणिपुर के मुख्यमंत्री घायल महिला से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस घटना को बेहद अमानवीय और शांति भंग करने की कोशिश बताया।

यह इलाका चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्र के पास स्थित है, जहां पहले भी 2023 और 2024 में जातीय हिंसा की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने आसपास के इलाके से एक और विस्फोटक उपकरण भी बरामद किया है।

स्थानीय विधायक शांति सिंह ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ बताया है।