March 11, 2026

जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज को राखी बांधने पहुंची ब्रह्माकुमारी बहनें

Faridabad/Alive News : सूरजकुंड रोड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम (सिद्धदाता आश्रम) में अधिष्ठाता जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज को आज ब्रह्माकुमारी बहनों ने राखी बांधी। सेक्टर 46 स्थित ब्रह्माकुमारी केंद्र की संचालिका बीके मधु ब्रह्माकुमारी बहनों के साथ यहां पहुंची। वह यहां जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज को कई वर्षों से राखी बांधने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वामीजी का व्यवहार सहज ही मन को शांत करने वाला है। वह समस्त गुणों से परिपूर्ण और परमात्मा की कृपा प्राप्त व्यक्ति हैं। उनके निर्देशन में भी श्री सिद्धदाता आश्रम असंख्य लोगों के जीवन में बदलाव का केंद्र बन रहा है।

इस अवसर पर जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि राखी महज एक धागा नहीं है बल्कि वह सूत्र है जो अनेक व्यक्तियों को एक दूसरे के साथ विश्वास, प्रेम और सहयोग में बांधता है। रक्षा सूत्र ब्रह्माजी ने भी देवराज इंद्र को बांधा था।

रक्षासूत्र का पौराणिक और ऐतिहासिक के साथ साथ आज समसामयिक महत्व भी है। हमें रक्षा सूत्र के जरिए अपने संबंधों में नवीनता के प्रयास करने चाहिए। इस अवसर पर साध्वी शकुंतला और पूर्व पुलिस अधिकारी आशा कुमारी ने भी गुरु महाराज को रक्षा सूत्र बांधा।