April 20, 2024

बिहार: वीआईपी विधायक पासवान का सर गंगा राम अस्पताल में हुआ निधन

Patna/Alive News : बिहार की बोचहां विधानसभा सीट से वीआईपी पार्टी के विधायक रहे मुसाफिर पासवान का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इसकी जानकारी पार्टी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने दी। सहनी ने विधायक के निधन को बिहार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार मुसाफिर लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे, उनका इलाज दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में चल रहा था। मुसाफिर के निधन की खबर पूरे बिहार राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। हालांकि, इससे पहले भी 19 सितंबर को मुसाफिर पासवान के निधन की खबरें सामने आई थीं। तब अगले दिन सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने बताया था कि वे जिंदा हैं। लोगों ने उनके स्वास्थ्य का हाल जानना शुरू कर दिया था। तब उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया था कि वे स्वस्थ हैं और परिवार के साथ सकुशल हैं। गुरुवार को मुकेश सहनी ने उनके निधन की पुष्टि की है।