March 29, 2024

भाजपा जिला फरीदाबाद कार्यालय का हुआ भूमि पूजन और शिलान्यास

Faridabad/Alive News : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड द्वारा संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू, प्रदेश उपाध्यक्ष जी.एल शर्मा, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में मंत्री मूलचंद शर्मा, भाजपा ज़िला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला प्रभारी सत्यप्रकाश जरावटा, मुख्यमत्री के राजनितिक सचिव अजय गौड़, विधायक सीमा त्रिखा, नरेन्द्र गुप्ता, राजेश नागर, नयनपाल रावत, हरविंद कोहली, संदीप जोशी, नीरा तोमर और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में फ़रीदाबाद के सेक्टर-15 स्थित नए ज़िला कार्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास किया .

भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद के नए जिला कार्यालय के भूखंड पर पूरी विधि विधान से हवन पूजन कर कार्यालय का शिलान्यास किया गया. मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यालय के भूमिपूजन के बाद कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और संगठन के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यालय एक महत्वपूर्ण स्थान होता है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता का कार्यालय से मन से जुड़ाव होता है। कार्यकर्त्ता एक इंट जितना योगदान अवश्य करें जिससे कार्यकर्त्ता का भावनात्मक जुडाव अपने कर्म क्षेत्र के साथ रहता है.

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यालय कर्मक्षेत्र का केंद्र बिंदु होता है। किसी भी कार्यालय का निर्माण करना कोई साधारण कार्य नहीं होता और आज फरीदाबाद के कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस कार्य को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मेरा सबसे पहला कार्यक्षेत्र भी फरीदाबाद रहा और मैने लंबे समय तक यहां संगठन के लिए अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जिला के लोगों ने हमेशा से ही संगठन के लिए बेहतरीन कार्य किया है और पिछले लोकसभा चुनाव में सभी नौ विधानसभा सीटों पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में भी एक सीट को छोड़कर सभी 8 सीटों पर हमारी पार्टी विजयी हुई।

कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भाजपा के नए कार्यालय के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय से निकलकर कई कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र की राजनीति की नई ऊंचाईयों को छुएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय आम जनता के लिए एक सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का कार्यालय के शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया.

आज के कार्यक्रम में महापौर सुमन बाला, वरिष्ठ उप महापौर देवेन्द्र चौधरी, उप महापौर मनमोहन गर्ग, नागेन्द्र भडाना, सोहन पाल सिंह, टेकचंद शर्मा, राजिन्द्र बिसला, धनेश अधलखा, जिला महामंत्री मूलचन्द मित्तल, आर एन सिंह, विनोद चौधरी, पार्षद गण जिला व् प्रदेश पदाधिकारी, मण्डल अध्यक्ष, मोर्चों के जिला अध्यक्ष, महामंत्री, भाजपा कार्यकर्त्ता व् फ़रीदाबाद औद्योगिक जगत के प्रमुख लोगों बी.आर भाटिया नरेंद्र अग्रवाल , अजय जुनेजा, ,राजीव भाटिया,रोहित जैन,डॉ.राकेश गुप्ता, एच के बत्रा, राजकुमार अग्रवाल व अन्य गण मान्य उद्योगपति व् समाज सेवी उपस्थित रहे I