April 24, 2024

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने की जिला कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति

Faridabad/Alive News : भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज सिंगला ने युवा मोर्चा के मंडल प्रभारियों एवं जिला कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति की। इसी के साथ युवा मोर्चा द्वारा जिले में नशा मुक्ति अभियान चलाए जाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा समाजसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर जिले में नशा छोडऩे के लिए युवाओं को प्रेरित करेगा। इसके लिए नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी जिला स्तर पर किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की समस्त टीम इस अभियान में बढ़-चढक़र हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में भाजपा युवा मोर्चा की एक मजबूत टीम गठित हो चुकी है, जो सभी मोर्चों पर जाकर पार्टी को मजबूती करने का काम करेगी। भाजपा की नीतियों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का काम हमारे युवा साथी करेंगे। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी के नेतृत्व में दिन दोगुणी रात चौगनी तरक्की हो रही है। हमारी खेल नीति की के चलते ही आज न केवल ओलंपिक बल्कि पैरालंपिक खेलों में भारतीय खिलाडिय़ों ने अपना वर्चस्व लहराया है। अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं जैसे अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र नेशनल हेल्थ मिशन, दीनदयाल उपाध्याय, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन आदि अनेक लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चलाई जा रही हैं। एक नया भारत लोगों को देखने को मिल रहा है। पंकज सिंगला ने इस मौके पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों से कोविड-19 की तीसरी लहर से सुरक्षित रहने और वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को प्रेरित करने का भी आह्वान किया।

इस मौके पर उन्होंने सभी नवनियुक्त मंडल प्रभारियों एवं जिला कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी। इस कार्यक्रम में उनके साथ जिला महामंत्री सचिन ठाकुर, गोल्डी अरोड़ा, उपाध्यक्ष योगेश तेवतिया, ज्ञानेंद्र भारद्वाज, जिला सचिव कार्तिक वशिष्ट, कृष्ण आर्य, मनीष यादव मीडिया प्रभारी, आईटी प्रभारी समीर टंडन, मुकुल चोपड़ा व जिला के सभी पदाधिकारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्य जिंदल, सराय मंडल अध्यक्ष करण गोयल, जवाहर मंडल अध्यक्ष नवीन सैनी, नगला मंडल अध्यक्ष आदेश यादव सहित युवा मोर्चा के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।