June 6, 2026

शादी सीजन से पहले निगम की बड़ी कार्रवाई, 61 मैरिज हॉल सील, 131 को नोटिस

फोटो : नगर निगम कार्यालय

Faridabad/Alive News: शहर में शादी के सीजन से ठीक पहले नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 मैरिज हॉल संचालकों के प्रतिष्ठान सील कर दिए हैं। इसके अलावा 131 मैरिज हॉल को नोटिस जारी किया गया है। इन संचालकों पर निगम का कुल तीन करोड़ रुपये से अधिक का बकाया टैक्स था।

निगम की इस कार्रवाई से न केवल मैरिज हॉल संचालकों में हड़कंप मच गया है, बल्कि पहले से बुकिंग करा चुके लोगों की भी चिंता बढ़ गई है। कई लोगों के कार्यक्रमों पर संकट मंडराने लगा है। निगम ने साफ किया है कि सीलिंग के बावजूद अगर किसी हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया, तो संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों का कहना है कि निगम को यह कार्रवाई शादी के सीजन से करीब दो महीने पहले करनी चाहिए थी, ताकि संचालकों को टैक्स जमा करने का समय मिल जाता और लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। शहर में 15 अप्रैल से शादी का सीजन शुरू हो रहा है और अधिकांश मैरिज हॉल पहले से ही बुक हैं।

निगम के अनुसार, एनआईटी जोन-2 के 35 मैरिज हॉल संचालकों पर 2.67 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं ओल्ड जोन-1 के 12 हॉल पर करीब 36 लाख रुपये और ओल्ड जोन-2 के 14 हॉल पर लगभग 15 लाख रुपये बकाया है। सील की गई संपत्तियों पर कुल बकाया तीन करोड़ रुपये से अधिक है।

इसके अलावा जिन 131 मैरिज हॉल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है, अगर वे पांच दिन के भीतर बकाया टैक्स जमा नहीं करते हैं, तो उन पर भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम को 31 मार्च तक 100 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य पूरा करना है, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया जा रहा है।

क्या कहना है निगम आयुक्त का

निगम की तरफ से मैरिज संचालकों को दो बार नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने टैक्स जमा नहीं कराया। इसलिए सीलिंग की कार्रवाई की गई।

  • धीरेंद्र खड़गटा, आयुक्त नगर निगम