March 7, 2026

BBC को बड़ा झटका: डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज CEO डेबोरा टर्नेस का इस्तीफा, ट्रम्प के खिलाफ प्रोपेगेंडा फैलाने का आरोप

International/Alive News: ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज की CEO डेबोरा टर्नेस ने 9 नवंबर को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। यह कदम उस समय आया जब BBC के एक प्रोग्राम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भाषण को एडिट कर दर्शकों को गुमराह करने का आरोप लगा।

आरोप क्या हैं
‘द टेलीग्राफ’ अखबार ने एक व्हिसलब्लोअर मेमो जारी किया, जिसमें खुलासा हुआ कि BBC के शो पैनोरामा ने ट्रम्प के एक भाषण को एडिट कर ऐसा दिखाया मानो उन्होंने 2021 के कैपिटल हिल दंगे को भड़काया हो। जबकि असल में ट्रम्प ने अपने समर्थकों से “शांतिपूर्ण तरीके से सीनेटरों का हौसला बढ़ाने” की बात कही थी। इन खुलासों के बाद टिम डेवी और डेबोरा टर्नेस दोनों ने इस्तीफा दे दिया

टिम डेवी का करियर
टिम डेवी ने अपने करियर की शुरुआत Procter & Gamble कंपनी से की थी। बाद में वे Pepsico से जुड़े और करीब 12 साल काम किया। इसके बाद 2005 में BBC से जुड़ गए।

वे BBC के 17वें डायरेक्टर जनरल बने थे और 2019 में उन्होंने लगभग 7.5 करोड़ रुपये की सालाना सैलरी पाई थी जो BBC में सबसे ज्यादा थी।

राजनीति में भी उनका अनुभव रहा है उन्होंने 1993 और 1994 में लंदन में कंजरवेटिव पार्टी से चुनाव लड़ा था, हालांकि हार गए।

डेबोरा टर्नेस का प्रोफेशनल सफर
डेबोरा टर्नेस ने अपने करियर की शुरुआत न्यूज एजेंसी ITN से की थी। इसके बाद उन्होंने ITV News और NBC News में काम किया और 2022 में BBC News की CEO बनीं।

BBC से जुड़े पुराने विवाद
• निर्भया केस पर डॉक्यूमेंट्री (2015): BBC की डॉक्यूमेंट्री India’s Daughter पर भारत की छवि खराब करने और जेल नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा, जिसके बाद भारत सरकार ने इसे बैन कर दिया।
• गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री (2023):India: The Modi Question डॉक्यूमेंट्री पर मोदी सरकार ने “प्रोपेगेंडा” फैलाने का आरोप लगाया। इसके बाद BBC के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों पर आयकर विभाग की रेड पड़ी।
• गाजा पर डॉक्यूमेंट्री विवाद (2025):Gaza: How to Survive a Warzone को BBC iPlayer से हटाना पड़ा, क्योंकि नरेटर के पिता गाजा के पूर्व उप कृषि मंत्री थे, और यह जानकारी छिपाई गई थी।

BBC दुनिया का सबसे बड़ा ब्रॉडकास्टर
BBC यूनाइटेड किंगडम का राष्ट्रीय ब्रॉडकास्टर है और दुनिया के सबसे पुराने और बड़े मीडिया संगठनों में से एक है। इसमें करीब 21,000 कर्मचारी काम करते हैं और यह 40 से अधिक भाषाओं में सेवाएं देता है।

इसकी स्थापना 1922 में हुई थी, जबकि BBC हिंदी सेवा की शुरुआत 11 मई 1940 को की गई थी।