Chandigarh/Alive News: चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में सोमवार को सीनेट चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर भारी हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया, जिसमें सात पुलिसकर्मी और कई छात्र घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग तोड़ दी और अंदर घुस गए। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया, लेकिन हालात बेकाबू हो गए। घायलों में डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, करीब आठ हजार लोग जिनमें किसान, छात्र, मजदूर और अन्य संगठन शामिल थे ट्रैक्टरों, बसों और गाड़ियों में भरकर यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने “खालिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए और हवा में तलवारें भी लहराईं।
यूनिवर्सिटी के तीनों गेट पर भारी पुलिस बल तैनात था, लेकिन दोपहर 12 बजे के करीब गेट नंबर एक पर स्थिति बिगड़ गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की कोशिश की, पर भीड़ ने गेट तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया।
मामला हाईकोर्ट पहुंचा
सीनेट चुनाव की तारीख लंबे समय से तय नहीं होने के कारण अब यह मामला पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया है। छात्र प्रतिनिधि हरप्रीत सिंह दुआ ने कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें यूनिवर्सिटी प्रशासन से तुरंत चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की गई है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि यूनिवर्सिटी के कुछ लोग जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं।

