July 8, 2026

‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक जारी, राजकुमार राव के लुक पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

फिल्म 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' के फर्स्ट लुक पोस्टर में सौरव गांगुली के किरदार में राजकुमार राव।

Mumbai/Alive News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के जीवन पर आधारित फिल्म ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक उनके जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया। फिल्म में राजकुमार राव सौरव गांगुली की भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही मेकर्स ने घोषणा की कि यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव को साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है। यह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक माना जाता है और सौरव गांगुली की बेखौफ कप्तानी की पहचान भी है।

सौरव गांगुली ने खुद इस पोस्टर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि यह उनके जन्मदिन का सबसे बेहतरीन तोहफा है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उन्हें फिल्म में अपने “कवर गाने” सुनने का इंतजार है। वहीं राजकुमार राव ने भी पोस्ट साझा कर सौरव गांगुली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

पोस्टर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई क्रिकेट प्रशंसकों ने सौरव गांगुली के नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद किए गए ऐतिहासिक जश्न को याद करते हुए कहा कि यह भारतीय क्रिकेट के सबसे गर्व वाले पलों में से एक है।

हालांकि, कुछ लोगों को पोस्टर पसंद नहीं आया। कई यूजर्स ने कहा कि पोस्टर और बेहतर बनाया जा सकता था। वहीं कुछ लोगों ने राजकुमार राव की कास्टिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह सौरव गांगुली के किरदार के लिए सही चुनाव नहीं हैं।

फिल्म में सौरव गांगुली के एक युवा क्रिकेटर से भारतीय टीम के सबसे सफल और प्रभावशाली कप्तानों में शामिल होने तक के सफर को दिखाया जाएगा। इसमें उनके संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की कहानी दिखाई जाएगी।

फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी ने किया है। इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है। फिल्म को गुलशन कुमार, भूषण कुमार, टी-सीरीज, डीबीएल और लव फिल्म्स प्रस्तुत कर रहे हैं। ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ 14 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।