August 23, 2026

अस्पताल के बाहर दिखे गोविंदा, दूसरी शादी की अफवाहों पर जारी किया नोटिस; 100 करोड़ के दावे की चेतावनी

मुंबई के जुहू अस्पताल के बाहर नजर आए बॉलीवुड एक्टर गोविंदा

Mumbai/Alive News: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा शनिवार को मुंबई के जुहू इलाके में एक अस्पताल के बाहर नजर आए। वह सफेद शर्ट, नीली जींस और चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। पैपराजी ने जब उनसे उनकी सेहत के बारे में पूछा तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वह ठीक हैं। हालांकि, गोविंदा अस्पताल क्यों गए थे, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है।

इसी बीच गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बीच उनकी ओर से एक पब्लिक नोटिस जारी किया गया है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, नोटिस में मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को गोविंदा और उनके परिवार के बारे में झूठी, अपमानजनक, भ्रामक, मनगढ़ंत या बिना पुष्टि की गई जानकारी प्रकाशित या प्रसारित करने से चेतावनी दी गई है।

नोटिस में ऐसे कंटेंट के खिलाफ 100 करोड़ रुपए तक के सिविल दावे की चेतावनी दी गई है। यह नोटिस उन ऑनलाइन दावों के बाद सामने आया है, जिनमें कहा गया था कि गोविंदा ने रानी स्वर्णकार से गुपचुप कोर्ट मैरिज की है। इससे पहले सोशल मीडिया पर गोविंदा के कथित तलाक को लेकर भी कई तरह की खबरें और दावे सामने आए थे।

नोटिस में डिजिटल तरीके से तैयार या बदले गए कंटेंट को लेकर भी चेतावनी दी गई है। इसमें मॉर्फ्ड तस्वीरें, एडिट किए गए वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग, डीपफेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए कंटेंट को शामिल किया गया है। नोटिस में ऐसे कंटेंट के इस्तेमाल और प्रसार पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।

नोटिस के अनुसार, मानहानि, प्राइवेसी के उल्लंघन, पहचान के गलत इस्तेमाल और साइबर क्राइम से जुड़े लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसमें भारतीय न्याय संहिता, 2023 और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 का भी हवाला दिया गया है। नोटिस में संभावित कानूनी कार्रवाई के तहत बैंक अकाउंट फ्रीज करने, संपत्ति की खरीद-बिक्री पर रोक और पासपोर्ट जब्त करने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया गया है।

गोविंदा की ओर से यह चिंता भी जताई गई है कि उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर गलत जानकारी या अभियान चलाया जा सकता है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से उन्हें मानसिक और सामाजिक नुकसान हो सकता है।

वहीं, गोविंदा के अस्पताल के बाहर नजर आने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है कि वह किस वजह से अस्पताल पहुंचे थे। एक्टर ने पैपराजी के सवाल पर अपनी तबीयत को लेकर सिर्फ इतना कहा कि वह ठीक हैं।