September 17, 2026

बालवाटिका-3 के स्टूडेंट का बैंक डाटा 1 सितंबर तक होगा पूरा

Faridabad/Alive News: बालवाटिका-3 के स्टूडेंट को वर्दी, स्कूल बैग और स्टेशनरी भत्ता उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा विभाग ने स्टूडेंट का बैंक डाटा जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय स्तर पर डाटा की समीक्षा में सामने आया कि कई स्टूडेंट के बैंक खाते अभी तक एमआईएस पोर्टल पर अपडेट नहीं किए गए हैं। ऐसे में जिला अधिकारियों को संबंधित स्कूलों में डाटा पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार स्कूल मुखिया बालवाटिका-3 के प्रत्येक स्टूडेंट का परिवार पहचान पत्र, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी  कोड एमआईएस पोर्टल पर अपडेट कराएंगे। जिन स्टूडेंट के बैंक खाते अभी तक नहीं खुले हैं, उनके अभिभावकों से संपर्क कर 1 सितंबर तक हर हाल में बैंक खाता खुलवाने को कहा गया है।

विभाग का उद्देश्य बजट घोषणा के तहत स्टूडेंट को वर्दी, स्कूल बैग और स्टेशनरी भत्ते की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी और पीएफएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि डाटा अधूरा रहने या बैंक खाता अपडेट नहीं होने के कारण यदि कोई स्टूडेंट योजना के लाभ से वंचित रहता है तो इसकी जिम्मेदारी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल मुखिया और कक्षा प्रभारी की होगी।