Faridabad/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद की सामाजिक संस्था मानव सेवा समिति भी जनहित में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित करेगी। समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोरोना काल से पहले वरिष्ठ नागरिकों को रेल टिकट पर मिलने वाली छूट दोबारा शुरू करने की अपील की है।
समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा और महासचिव सुरेंद्र जग्गा ने बताया कि 27 सितंबर को बच्चों और महिलाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। वहीं, 2 अक्टूबर को थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की मदद के लिए रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दोनों कार्यक्रम सेक्टर-10 स्थित समिति के कार्यालय मानव भवन में होंगे।
समिति के संस्थापक अरुण बजाज, चेयरमैन प्रोजेक्ट आरके सिंगला और महिला मंडल की संयोजक राज राठी ने लोगों से इन सेवा कार्यक्रमों में सहयोग करने की अपील की है।
कैलाश शर्मा ने बताया कि समिति की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके अधिकृत ईमेल पर जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी गई हैं। साथ ही, उनसे अपील की गई है कि कोरोना काल से पहले वरिष्ठ नागरिकों को रेल टिकट पर मिलने वाली छूट फिर से बहाल की जाए।
समिति का कहना है कि छूट बहाल होने से वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा के जरिए देश के विभिन्न स्थानों और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल सकेगा।

