June 26, 2026

हरियाणा नगर निकाय चुनाव का ऐलान, 10 मई को मतदान और 13 मई को नतीजे

Panchkula/Alive News: हरियाणा में नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी गई है। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम में 10 मई को मतदान होगा, जबकि 13 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

राज्य चुनाव आयुक्त धनेंद्र कल्याण ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के साथ ही पंचायत उपचुनाव भी कराए जाएंगे। इसमें पानीपत और करनाल में जिला परिषद के वार्ड, 12 ब्लॉक समितियों और 29 सरपंच पदों के लिए भी वोटिंग होगी।

चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है और चुनाव ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों के तबादलों पर रोक लगा दी गई है।

कहां-कहां होंगे चुनाव:

  • नगर निगम: अंबाला, पंचकूला, सोनीपत
  • नगर परिषद: रेवाड़ी
  • नगर पालिका: सांपला (रोहतक), उकलाना (हिसार), धारूहेड़ा (रेवाड़ी)

चुनाव शेड्यूल:

  • नामांकन की सूचना: 15 अप्रैल
  • नामांकन: 21 से 25 अप्रैल
  • नामांकन जांच: 27 अप्रैल
  • नाम वापसी: 28 अप्रैल
  • मतदान: 10 मई (सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक)
  • पुनर्मतदान (जरूरत पड़ने पर): 12 मई
  • मतगणना: 13 मई

चुनाव खर्च की सीमा भी तय कर दी गई है। मेयर उम्मीदवार 30 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं, जबकि पार्षदों के लिए यह सीमा कम रखी गई है।

इस बार नोटा (NOTA) का विकल्प रहेगा, लेकिन इसका चुनाव परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार ही विजेता घोषित होगा।

उधर, कांग्रेस और भाजपा ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों के चयन और रणनीति पर काम कर रही हैं। कांग्रेस ने मेयर चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने का फैसला लिया है।