March 7, 2026

रोहतक MDU में स्कॉर्पियो से छात्रों को कुचलने की कोशिश, वीडियो वायरल, झगड़े के बाद पथराव

Rohtak/Alive news: हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) में छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झगड़े का मामला सामने आया है। इस दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से युवकों को कुचलने की कोशिश की गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक स्कॉर्पियो पर पत्थर फेंक रहे हैं, जबकि स्कॉर्पियो सवार युवक गाड़ी चढ़ाकर उन्हें टक्कर मारने की कोशिश करता है। टक्कर लगने से एक युवक दूर जाकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा गाड़ी के नीचे आ गया। इसके बाद गुस्साए युवकों ने फिर से पथराव किया और लाठियों से स्कॉर्पियो पर हमला किया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को MDU के बॉयज हॉस्टल के बाहर विक्की नाम के युवक का कुछ छात्रों से विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। कुछ समय बाद लॉ विभाग के पास दोबारा झगड़ा हुआ और फिर लाइब्रेरी के बाहर भी दोनों गुट आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि दूसरे गुट के युवक बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो लेकर पहुंचे और विक्की व उसके साथियों को टक्कर मारने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक गाड़ी के नीचे आ गया, जबकि दूसरा दूर जा गिरा। इसके बाद विक्की और उसके साथियों ने स्कॉर्पियो पर पत्थर बरसाए। इस मामले को लेकर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर को शिकायत दी गई है। हालांकि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

सूत्रों के मुताबिक, विक्की पर एक साल पहले भी दो गुटों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलाई गई थी। मौजूदा झगड़े को भी पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पीजीआई थाना के SHO रोशन लाल ने बताया कि अभी तक पुलिस को MDU में हुए झगड़े की कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस यूनिवर्सिटी जाकर जांच करेगी और शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुलेटप्रूफ गाड़ी लेकर यूनिवर्सिटी में कैसे घुस गया। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।