July 27, 2026

2026 तक फरीदाबाद में 40 प्रतिशत प्रदूषण घटाने का लक्ष्य

Faridabad/Alive News: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने वर्ष 2026 तक फरीदाबाद में वायु प्रदूषण को 40 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने दिल्ली में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में फरीदाबाद का वर्ष 2026 का एक्शन प्लान प्रस्तुत किया।

केंद्रीय मंत्री  भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिल्ली-एनसीआर के शहर-विशेष वायु प्रदूषण नियंत्रण कार्य योजनाओं की समीक्षा की गई। निगम आयुक्त ने बताया कि बीते पांच वर्षों में फरीदाबाद में प्रदूषण 15 से 20 प्रतिशत तक कम हुआ है, जिससे शहर की रैंकिंग 47वें से 19वें स्थान पर पहुंची।

एक्शन प्लान में सड़क विकास, डोर-टू-डोर कचरा संग्रह, औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण मानकों का पालन, सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करना, सीएंडडी वेस्ट व लीगेसी वेस्ट प्रबंधन, धूल नियंत्रण, पौधारोपण तथा मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, एंटी-स्मॉग गन और वॉटर स्प्रिंकलर के उपयोग को शामिल किया गया है। निगम के पास जल्द ही 15 एंटी-स्मॉग गन होंगी।

केंद्रीय मंत्री ने औद्योगिक इकाइयों में ऑनलाइन एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनभागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया साथ ही एक्शन प्लान की मासिक समीक्षा के निर्देश भी दिए गए।