August 29, 2026

अंडमान होटल बुकिंग के नाम पर 84 हजार की साइबर ठगी, 7 आरोपी गिरफ्तार

अंडमान होटल बुकिंग साइबर ठगी मामले में फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: अंडमान में होटल बुकिंग कराने के नाम पर एक महिला से 84 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने फर्जी वेबसाइट के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 आरोपी कॉलर हैं, जो किराए के कमरे से लोगों को फोन कर होटल बुकिंग के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-78 निवासी एक महिला ने 16 जून को अंडमान में होटल बुक करने के लिए इंटरनेट पर सर्च किया था। इस दौरान उसे PACIFIC HOLIDAYS INDIA नाम से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मिला। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने महिला को होटल बुकिंग कराने का भरोसा दिया।

आरोपियों ने होटल बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर महिला से अलग-अलग माध्यमों से कुल 84 हजार रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। बाद में महिला को पता चला कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी हो गई है। इसके बाद उसने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और बैंकिंग साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने सबसे पहले राहुल को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि राहुल गिरोह के लिए फर्जी वेबसाइट तैयार करने के साथ ही तकनीकी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाता था। पुलिस के अनुसार, राहुल बी.कॉम और एलएलबी की पढ़ाई कर चुका है।

इसके बाद पुलिस ने बैंक अकाउंट की जांच के आधार पर जय बिष्ट को गिरफ्तार किया। उसके बैंक खाते में ठगी की 84 हजार रुपये की रकम पहुंची थी। जांच में पता चला कि जय बिष्ट का बैंक खाता उसकी साली ने प्राप्त कर अपने पति विक्रम को उपलब्ध कराया था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विक्रम इस गिरोह का मुख्य सरगना है। उसने गाजियाबाद के मरियम नगर क्षेत्र में एक कमरा किराए पर ले रखा था। इसी कमरे में वह विशाल, अंकुर और पुनित सक्सेना के साथ मिलकर कॉलिंग का काम करता था। आरोपी लोगों को ऑनलाइन होटल बुकिंग कराने का झांसा देकर उनसे बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे।

पुलिस के मुताबिक, विक्रम ने अपनी पत्नी के माध्यम से जय बिष्ट का बैंक खाता हासिल किया था। इसी खाते में महिला से ठगी की गई 84 हजार रुपये की रकम पहुंची थी। पुलिस ने इस मामले में विक्रम, विशाल, अंकुर, पुनित सक्सेना समेत एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों को गाजियाबाद, हरिद्वार और हापुड़ से पकड़ा गया।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि होटल, टूर पैकेज या किसी अन्य सेवा की ऑनलाइन बुकिंग करते समय केवल विश्वसनीय और आधिकारिक वेबसाइट या प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें। इंटरनेट पर सर्च के दौरान मिलने वाले मोबाइल नंबरों और वेबसाइटों पर बिना जांच किए भरोसा न करें।