Faridabad/Alive News: ओल्ड फरीदाबाद स्थित राजकीय बाल विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के साप्ताहिक कैंप के दौरान सड़क सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव और नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा आईएएस के आदेश पर, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण फरीदाबाद, फरीदाबाद पुलिस और स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल हरियाणा के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान थाना ओल्ड फरीदाबाद के एसएचओ विष्णु मित्र ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “नज़र हटी और दुर्घटना घटी।” उन्होंने बच्चों को 18 साल से पहले वाहन न चलाने की हिदायत दी और सड़क पार करते समय जल्दबाजी न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट अपनाने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए बच्चों को पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए और सबसे पहले अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए ताकि वे अपने माता-पिता का नाम रोशन कर सकें।
रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन के वाइस प्रेसिडेंट बिजेंद्र सैनी ने बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि नशा बर्बादी की जड़ है और देश में सबसे ज्यादा सड़क हादसे नशे की हालत में वाहन चलाने से होते हैं। साथ ही उन्होंने साइबर ठगी के बारे में भी जागरूक किया और कहा कि थोड़ी सी लापरवाही से बैंक खाता खाली हो सकता है। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करने की अपील की गई।
जोनल ट्रैफिक अधिकारी संजय कुमार ने नए ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस 18 वर्ष की उम्र के बाद ही बनता है, जबकि 16 वर्ष की उम्र में बिना गियर वाली स्कूटी का लाइसेंस बन सकता है। उन्होंने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट 2019 के तहत नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा का संदेश देते हुए एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। साइकिल से स्कूल आने वाले बच्चों को कोहरे में चमकने वाली रिफ्लेक्टर टेप भी वितरित की गई।
इस मौके पर ओल्ड फरीदाबाद थाना से एसएचओ विष्णु मित्र, इंस्पेक्टर राजीव कुमार, जोनल ट्रैफिक अधिकारी संजय कुमार, एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. रामचंद्र, अधिवक्ता देवदत्त, एडवाइजर धीरेंद्र कुमार पांडेय, स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल के सदस्य सरदार देवेंद्र सिंह, बिजेंद्र सैनी और विवेक चंडोक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

