Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 2.614 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने आरोपी फारूख अब्दुला को गिरफ्तार किया। वह ओखला विहार, दिल्ली का रहने वाला है और उसे फोर्टिस अस्पताल के पास से 1 किलो 255 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा गया।
इसी तरह, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज को गिरफ्तार किया। वह फतेहपुर चंदीला, फरीदाबाद का निवासी है और उसे मेवला महाराजपुर के पास से 234 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा गया।
वहीं, अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी मोहम्मद रहमत को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से गांव बिहपुर, जिला भागलपुर (बिहार) का रहने वाला है और फिलहाल राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद में रह रहा था। उसे सेक्टर-56 स्थित राजीव कॉलोनी से 320 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य मामले में पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार किया। वह गांव मुरारपुर, जिला भागलपुर (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में भगत सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ में रह रहा था। उसे चावला कॉलोनी से 805 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा गया।
चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

