Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) 50 बेड का नया अस्पताल बना रहा है। शहर की तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है और उम्मीद है कि अप्रैल 2026 तक नया भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही नई ओपीडी भी शुरू कर दी जाएगी।
बढ़ेगी इलाज की सुविधा
अभी तक इस अस्पताल में रोजाना लगभग 1000 मरीज इलाज के लिए आते हैं। नए भवन के बन जाने के बाद यह संख्या बढ़कर 1500 तक पहुंच सकती है। पहले यहां केवल एक ऑपरेशन थिएटर था, लेकिन अब चार नए ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं, जिससे चार गुना ज्यादा मरीजों का ऑपरेशन किया जा सकेगा। हर ऑपरेशन थिएटर में आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी।
1967 से शुरू हुई सेवा
बल्लभगढ़ में एम्स ने 1967 में अस्पताल शुरू किया था, जब यहां की आबादी बहुत कम थी। अब शहर की आबादी पांच लाख से ज्यादा हो गई है। यह अस्पताल राष्ट्रीय राजमार्ग के पास है, इसलिए हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में घायलों को सबसे पहले यहीं लाया जाता है।
18 करोड़ की लागत से बनेगा अस्पताल
नए अस्पताल के निर्माण के लिए एम्स ने 18 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। पुराने अस्पताल को तोड़कर नया भवन बनाया जा रहा है। इसके अलावा, जिले के गांव फतेहपुर बिल्लौच में भी एम्स 15 बेड का एक और अस्पताल बना रहा है, जिसकी लागत 20 करोड़ रुपये है।
इस तरह फरीदाबाद जिले में एम्स के दो अस्पताल एक बल्लभगढ़ में 50 बेड और दूसरा फतेहपुर बिल्लौच में 15 बेड का तैयार हो रहे हैं, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
क्या कहना है अतिरिक्त इंचार्ज प्रोफेसर एम्स बल्लभगढ़
बल्लभगढ़ का अस्पताल फिलहाल 50 बेड का है, लेकिन दिल्ली एम्स की प्रबंध समिति ने यहां के प्रबंध को जरूरत पड़ने पर नए अनुमति दे दी है। नया भवन दिसंबर-2025 तक बन कर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। यहां पर अप्रैल-2026 में मरीजों को दाखिल करने की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं इलाज के लिए मिलेंगी।

