Faridabad/Alive News: फरीदाबाद और आगरा के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने इस रूट पर चलने वाली चार स्पेशल MEMU ट्रेनों को 31 अक्टूबर तक रद्द कर दिया है। इसके चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन की ओर से इस रूट पर सिग्नलिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने, पटरियों की सुरक्षा में सुधार करने और यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके लिए प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का तकनीकी कार्य किया जा रहा है। यह काम पलवल और रुनकता रेलखंड से जुड़ा है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और काम को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए इन ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है।
चार स्पेशल ट्रेनें 31 अक्टूबर तक रद्द
रेलवे की ओर से रद्द की गई ट्रेनों में आगरा कैंट से पलवल के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 01941 और पलवल से आगरा कैंट के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 01942 शामिल हैं। इसके अलावा आगरा कैंट से रुनकता के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 01943 और रुनकता से आगरा कैंट के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 01944 भी 31 अक्टूबर तक नहीं चलेंगी।
इन ट्रेनों से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। इनमें नौकरीपेशा लोगों की संख्या भी काफी अधिक है। ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को आवागमन के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ेंगे।
दैनिक यात्रियों की जेब पर पड़ेगा असर
ट्रेनों के रद्द होने का सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो नौकरी या अन्य कामों के लिए मथुरा और आगरा से फरीदाबाद आते-जाते हैं। उन्हें बस या दूसरे साधनों से सफर करना पड़ सकता है। इससे उनका यात्रा खर्च बढ़ने के साथ-साथ समय भी अधिक लग सकता है।
दैनिक यात्री सुरेश ने बताया कि वह कई बार इन ट्रेनों से सफर करते हैं। ट्रेनों के रद्द होने से घर पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है। वहीं, दूसरी लोकल ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इससे रोजाना सफर करने वालों की परेशानी बढ़ गई है।

