May 3, 2024

सार्वजनिक मंच पर माफी के बाद निगम अधिकारी और पार्षद जयबीर खटाना के विवाद पर लगा विराम

Faridabad/Alive News : निगम के कार्यकारी अभियंता एम.एल शर्मा को वार्ड-3 में बंधक बनाए जाने और उनके साथ दुर्व्यवहार के मामले में विराम लग गया है। बुधवार को आज निगम अधिकारियों के साथ यूनियन के नेताओं तथा पार्षदों के बीच आपसी समझौता हो गया है। पार्षद जयबीर खटाना की ओर से पार्षद दीपक चौधरी और पूर्व विधायक नागेन्द्र भड़ाना ने समझौते की शर्त के अनुसार मंच पर आकर सार्वजनिक रूप से सभी निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से माफी मांग ली है।

दरअसल, वार्ड नंबर 3 और 4 में भीषण में पानी की किल्लत काफी लम्बे समय से बनी हुई थी जिसको लेकर वार्ड के लोग बीते रविवार के दिन विरोध प्रदर्शन कर रहे थे उनके साथ पार्षद जयबीर खटाना की मौजूदगी थे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने पहुंचे नगर निगम के कार्यकारी अभियंता एम.एल शर्मा को बंधक बनाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस घटना के बाद निगम अधिकारियों के साथ कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए और पार्षद जयबीर खटाना के इस बर्ताव पर कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने पार्षद की गिरफ्तार की मांग
तेज कर दी थी। और पुलिस ने पार्षद जयबीर खटाना को हिरासत में ले लिया।

उधर, इस मामले को निपटाने के लिए पार्षदों और अधिकारियों में कई बैठक हुई। लेकिन बात समझौते तक नही पहुंच रही थी और बीती रात निगम के सभी पार्षद, पूर्व विधायक नागेन्द्र भडाना के नेतृत्व में निगमायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल के कार्यालय पहुंचे तथा अपनी बात रखी, लेकिन समझौते के लिए वहां पीड़ित अधिकारी और यूनियन के नेता नही पहुंचे और पार्षदों ने निगमायुक्त के प्रति नाराजगी जताई।

इसके बाद पार्षदों ने जिला उपायुक्त कार्यालय का रुख किया। इस दौरान सभी पार्षदों ने अपनी बात रखी। ‌बीती रात की बैठक में समस्या का समाधान नहीं हो पाया तो आज सुबह एक बार फिर से जिला उपायुक्त के कैम्प कार्यालय पर बैठक हुई जिसमें निगम पार्षद के साथ-साथ निगम कर्मचारी यूनियन के नेता भी मौजूद रहे।

जिला उपायुक्त यशपाल यादव की मध्यस्था में निगम अधिकारियों तथा पार्षदों के बीच का विवाद सुलझ गया। विवाद सुलझने के बाद सभी अधिकारी तथा पार्षद निगम मुख्यालय पहुंचे तथा धरनारत निगम कर्मचारियों का धरना खत्म करवाया तथा पार्षद जयबीर खटाना की ओर से पार्षद दीपक चौधरी और पूर्व विधायक नागेन्द्र भड़ाना ने समझौते की शर्त के अनुसार मंच पर आकर सार्वजनिक रूप से सभी निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से माफी मांगी।

बता दे कि बीते रविवार को सेक्टर-25 स्थित जल घर में पानी की समस्या से परेशान वार्ड नंबर 3 और 4 के लोगों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता मदन लाल शर्मा तथा जी.पी वाधवा के साथ प्रदर्शनकारियों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। इस दुर्व्यवहार के विरोध में सभी निगम अधिकारी तथा कर्मचारी पिछले 2 दिनों से धरने पर थे।

वहीं इस मामले में मंगलवार देर शाम वार्ड 3 पार्षद जयवीर खटाना को एससी- एसटी के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।‌ इस मामले में सभी पार्षद, जयवीर खटाना के समर्थन में आए तथा जयवीर खटाना की रिहाई की मांग की। जिसके बाद आज जिला उपायुक्त यशपाल यादव की मध्यस्थता में निगम पार्षद तथा निगम अधिकारियों के बीच समझौता हो गया। उधर, आज पार्षद जयवीर खटाना की जमानत भी हो गई है।