April 25, 2024

खोरी में तोड़फोड़ कार्यवाही के चार माह बाद नगर निगम ने कराई मुनादी

Faridabad/Alive News : गांव खोरी में तोड़फोड़ की कार्रवाई के चार माह बाद नगर निगम अधिकारियों ने एक बार फिर मुनादी करवाई है। दरअसल, नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक ने निगम प्रशासन द्वारा खोरी में कब्जा मुक्त कराई गई भूमि पर एक बार फिर खोरीवासियों ने तंबू लगाकर कब्जा कर लिया है। लोगों ने एक बार फिर यहां रहना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम अधिकारियों ने मुनादी करवाकर लोगों को जल्द कब्जे खाली करने के आदेश दिए। यदि लोग कब्जे खाली नही करते तो निगम एक बार फिर बृहस्पतिवार से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर सकता है।

गौरतलब, रहे कि अरावली वन क्षेत्र में बसे गांव खोरी में सात जून को सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन फरीदाबाद को तोड़फोड़ कार्रवाई कर अवैध कब्जे हटाने के आदेश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर निगम ने खोरी गांव में डेढ़ माह में करीब 10 हजार अवैध मकानों को धाराशायी कर दिया था। उसके बाद खाली कराई गई जमीन पर सरकारी संपत्ति का बोर्ड भी लगवा दिया था। इस बीच सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सरकार ने खोरी के प्रभावित लोगों को पुनर्वास देने की योजना बनाई। योजना में करीब 1400 लोगों में से केवल 900 लोगों को ही पुनर्वास के लिए पात्र पाया गया।

उधर, बेघर हुए अनेक लोग फिर से खोरी में अपने टूटे घर के मलबे पर तंबू लगाकर रहने लगे। जानकारी के अनुसार वर्तमान में काफी संख्या में लोग खोरी में अपने टूटे हुए घर के मलबे पर ही तंबू लगाकर रह रहे हैं। इसके अलावा वहां रह रहे लोगों ने बिजली और पानी की भी व्यवस्था कर ली है। बुधवार को नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की मुनादी कराई।